भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव पर पूरी दुनिया की नजर है. लेकिन पड़ोसी मुल्क चीन की खास नजर है. क्योंकि भारत-पाकिस्तान के बीच चल रही तनातनी में पाक जमकर चीनी हथियारों का इस्तेमाल कर रहा है. ऐसे में चीन के लिए यह उसके दिए गए हथियारों की अग्निपरीक्षा है, जो पाकिस्तान ने उससे सालों-साल खरीदे हैं. वहीं भारत रूस और अमेरिकी हथियारों का इस्तेमाल कर रहा है. भारत-पाक जंग के बीच चीन की रक्षा कंपनियों के शेयरों में तेजी देखी जा रही है.
चीन को अपने हथियारों के प्रदर्शन का इंतजार
बता दें कि चीन की कंपनी AVIC चेंगदू एयरक्राफ्ट के शेयर इस हफ्ते 40 फीसदी बढ़ गए. क्योंकि पाकिस्तान ने दावा किया कि उसने AVIC के J-10C फाइटर जेट का इस्तेमाल किया.वहीं जब चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता से चीनी जेट के इस्तेमाल के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने गुरुवार को कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है. फिर भी, पाकिस्तान के मुख्य हथियार आपूर्तिकर्ता के रूप में चीन यह देखने में दिलचस्पी रखता है कि उसके हथियार युद्ध में कैसा प्रदर्शन करते हैं.