तेलुगु अभिनेता विष्णु मांचू (Vishnu Manchu) इन दिनों अपकमिंग फिल्म कनप्पा को लेकर चर्चा में हैं और वे इसके रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. ये उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है, जिसके लिए वे काफी एक्साइटेड हैं. अपनी फिल्म के लिए, अभिनेता ने टॉलीवुड से प्रभास, मॉलीवुड से मोहनलाल और बॉलीवुड से अक्षय कुमार जैसे बड़े स्टार्स को शामिल किया है. आपको बता दें कि अभिनेता प्रभास और मोहनलाल के दोस्त हैं, जो आसानी से फिल्म करने के लिए सहमत हो गए, लेकिन विष्णु के लिए अभिनेता अक्षय कुमार तक पहुंचना एक चुनौती थी.
कैसे हुए विष्णु मांचू का अक्षय कुमार से संपर्क?
हाल ही में स्क्रीन के साथ एक विशेष बातचीत में अभिनेता ने बताया, ‘उन्होंने मुझे दो बार मना कर दिया.’ मुख्य भूमिका निभाने के अलावा, विष्णु ने फिल्म लिखी भी है, उन्होंने अक्षय को शिव की भूमिका में देखा था. विष्णु ने बताया, ‘जब मैं फिल्म लिख रहा था, तो मैं उन्हें उस भूमिका में देखे बिना नहीं रह सका. जटा के साथ उनकी शारीरिक संरचना, एक दिव्य रूप देती है.’ हालांकि, अक्षय को उस भूमिका को लेने के लिए मनाने में उन्हें कई दिन और महीने लग गए, जो अब उनकी तेलुगु फिल्म की शुरुआत होगी. विष्णु ने कहा, ‘अक्षय कुमार ने मेरी फिल्म को दो बार रिजेक्ट कर दिया. बाद में, जब वे सरफिरा की शूटिंग कर रहे थे, तब मैंने फिल्म निर्माता सुधा कोंगरा के माध्यम से उनसे संपर्क किया. मैंने उनसे कहा, ‘मैं वास्तव में अक्षय को भगवान शिव के रूप में कास्ट करना चाहता हूं, कृपया एक बार उनसे बात करें.’ उन्होंने अक्षय से बात की और उन्हें मेरे साथ फोन पर बात करने के लिए राजी किया.’